अंबिकापुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में विकास कार्यों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने स्टेशन परिसर में दो नए प्लेटफॉर्म के निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।
यह कार्यक्रम सांसद चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष तथा नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विकास कार्य
भूमिपूजन के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास के लिए केंद्रीय रेल मंत्रालय का पूरा सहयोग मिल रहा है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म के निर्माण, वर्तमान प्लेटफॉर्म के 80 मीटर अतिरिक्त विस्तार तथा फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है।
अंबिकापुर–बरवाडीह रेल लाइन को लेकर भी प्रयास जारी
सांसद ने कहा कि अंबिकापुर से बरवाडीह रेलवे लाइन सरगुजा क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है और इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
सरगुजा के रेलवे विकास के लिए भाजपा सांसदों का प्रयास
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि भाजपा सांसदों ने हमेशा सरगुजा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद लरंग साय, मुरारी लाल सिंह और रेणुका सिंह ने भी अंबिकापुर रेलवे विस्तार की मांग को लगातार उठाया था। अब सांसद चिंतामणि महाराज क्षेत्र में रेलवे विकास और विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने कहा कि सांसद चिंतामणि महाराज अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं, स्टेशनों के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार सक्रिय हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अविभाजित सरगुजा की जनता को मिल रहा है।
कार्यक्रम का संचालन ट्रैफिक अकाउंट इंस्पेक्टर शुभम कुमार ने किया, जबकि रेलवे कार्यपालन अभियंता मनोज कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
