Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

अंबिकापुर की बदहाल सड़कों पर फूटा आक्रोश, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एनएच कार्यालय का किया घेराव

Priyanshu Ranjan

बारिश खत्म होने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं, हर बार मिल रहा था आश्वासन; अब दोबारा टेंडर की बात से बढ़ी नाराजगी

अंबिकापुर। शहर की जर्जर सड़कों और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर अंबिकापुर में एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं होने से नाराज सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई।

- Advertisement -

दरअसल, अंबिकापुर शहर से गुजरने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बने गड्ढों में भरे गंदे पानी में नहाकर और कीचड़ में प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का भी घेराव किया गया था।

- Advertisement -

उस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से लगातार यह आश्वासन दिया जाता रहा कि बारिश समाप्त होते ही सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और जल्द काम शुरू होने की बात भी कही गई थी। लेकिन बारिश खत्म होने के बाद भी सड़कों की तस्वीर नहीं बदली। फिलहाल पैच रिपेयरिंग के जरिए गड्ढों को भरने की कोशिश की जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी पूरी तरह दूर नहीं हो पा रही है।

एनएच कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता, अधिकारियों से नहीं मिला संतोषजनक जवाब

See also  पत्नी की हत्या के दोषी पति को उम्रकैद, डंडे से पीटकर ली थी जान,

सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने एनएच कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन एनएच विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे।

कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि अधिकारी बैठक में शामिल होने के लिए रायपुर गए हुए हैं। इसके बाद अंकुर सिन्हा ने संबंधित अधिकारी से फोन पर बातचीत की, लेकिन सड़क निर्माण कब शुरू होगा, इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।

टेंडर निरस्त होने की बात आई सामने, फिर शुरू होगी प्रक्रिया

प्रदर्शन में शामिल डॉ. योगेंद्र सिंह गहरवार ने बताया कि तकनीकी कारणों से सड़क निर्माण का टेंडर निरस्त हो गया है और अब दोबारा टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

इस जानकारी के सामने आने के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं की नाराजगी और बढ़ गई। उनका कहना है कि अब तक बारिश के बाद निर्माण शुरू होने की बात कही जाती रही, लेकिन अब दोबारा टेंडर की प्रक्रिया की बात सामने आ रही है। ऐसे में आशंका है कि आगामी बरसात तक भी शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हो पाएगा।

खरसिया, मनेन्द्रगढ़ और रामानुजगंज मार्ग की हालत खराब

अंबिकापुर से निकलने वाले प्रमुख मार्गों की स्थिति लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। खरसिया रोड, मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कें लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।

वहीं भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क पर उड़ती धूल से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

See also  लिफ्ट का झांसा… जंगल में ले जाकर महिला से 2 लाख के जेवर और 10 हजार कैश लूटा, CCTV में कैद हुआ आरोपी

एनएच के एसडीओ ने दी अपनी सफाई

मामले में एनएच विभाग के अधिकारी बीआर भगत ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि मनेन्द्रगढ़ मार्ग और खरसिया मार्ग का काम राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को करना है।

लगातार विरोध और आंदोलन के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से सामाजिक कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी दूर कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि शहरवासियों को जर्जर सड़कों से राहत मिल सके।

Share This Article