Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

4.16 लाख से अधिक युवाओं के पंजीयन के साथ सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य आगाज, जल्द खुलेगी खेल अकादमी

Priyanshu Ranjan

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पीजी कॉलेज मैदान में किया संभाग स्तरीय आयोजन का शुभारंभ, बोले– खेल से मिलता है आत्मविश्वास, अनुशासन और सम्मान

अंबिकापुर। ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का शुभारंभ अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में उत्साह और खेल भावना के माहौल में हुआ। आयोजन में संभागभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के जरिए अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव रहे।

- Advertisement -

समारोह में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत एवं सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

सरगुजा में जल्द शुरू होगी खेल अकादमी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य का आधार भी है।

See also  रतलाम ट्रॉफी 2026 का विजेता बना जवाहर टाइगर ,उप विजेता रही अंबर :  लाखों रुपए के पुरस्कार और चमचमाती ट्रॉफी की प्रदान ; 10 वर्ष पूर्ण होना व मुकाम तक पहुंचना स्वर्णिम अवसर,अक्षय संघवी एवं मित्र मंडल को बधाई -कैबिनेट मंत्री कश्यप

उन्होंने सरगुजा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही यहां खेल अकादमी प्रारंभ की जाएगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ईमानदारी, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।

4,16,813 युवाओं ने कराया पंजीयन

इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक के लिए कुल 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं का पंजीयन होना क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते आकर्षण और उत्साह को दर्शाता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य केवल खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाना भी है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं खेल विज्ञान और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से कार्य किए जा रहे हैं। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में खेलों के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

गांव के मैदान से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगी प्रतिभाएं

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरगुजा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। गांव के छोटे-छोटे खेल मैदानों से शुरू होने वाला सफर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकता है। सरगुजा ओलंपिक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वहीं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के बाद सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का नया मंच मिला है। उन्होंने कहा कि हार-जीत प्रतियोगिता का हिस्सा है, लेकिन मैदान में उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

See also  रतलाम ट्रॉफी 2026 रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा में भरपूर रोमांच : स्टार 11, जवाहर और इंडियन गोल्ड रिलायबल ने दर्ज की जीत,बड़ी संख्या में खेल प्रेमी रहे मौजूद

मशाल प्रज्वलित कर दिलाई गई खेल भावना की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा ओलंपिक की मशाल प्रज्वलित कर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान खिलाड़ियों को निष्ठा, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।

शुभारंभ समारोह के बाद जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित हुई। मुकाबले ने मैदान में मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा खलखो, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

सरगुजा ओलंपिक 2026 का संदेश साफ है—खेल के मैदान में उतरने वाला हर युवा अपने क्षेत्र की पहचान और गौरव बढ़ाने की क्षमता रखता है।

Share This Article