जयनगर और रामनगर उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बोले– किसानों का एक-एक दाना धान खरीदेगी सरकार
सूरजपुर। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिले के प्रवास के दौरान जयनगर और रामनगर धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ किसानों से सीधे संवाद कर टोकन व्यवस्था, धान विक्रय और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने मंत्री को बताया कि उन्हें टोकन प्राप्त करने और धान विक्रय करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। इस पर मंत्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों को अपना धान विक्रय खाता किसी भी बिचौलिए को नहीं देने की समझाइश भी दी।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी अंतर राशि
प्रभारी मंत्री ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान विक्रय करने की स्थिति में भी पात्र किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि प्रति एकड़ के आधार पर पूरी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उपार्जन केंद्रों में जागरूकता जरूरी है। इसके लिए उन्होंने सभी धान खरीदी केंद्रों में कृषक उन्नति योजना से संबंधित पोस्टर लगाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
माइक्रो एटीएम से समितियों में ही राशि निकालने की सुविधा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने जिले में धान खरीदी के लिए की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा पारदर्शी तरीके से खरीदी की जा रही है।
किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों में उनके नाम सहित ऋण संबंधी सूची चस्पा की गई है। वहीं माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को समिति स्तर पर ही राशि आहरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नमी मापक यंत्र और तौल मशीन से परखी व्यवस्था
रामनगर धान उपार्जन केंद्र में मंत्री बघेल ने धान बेचने पहुंचीं किसान विमला देवी और रामविलास मानिकपुरी से बातचीत कर खरीदी प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली अंतर राशि के संबंध में भी जानकारी दी।
मंत्री ने मौके पर नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कराई और तौल मशीन से बोरियों का वजन भी कराया। उन्होंने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बोरियों में धान भरने के निर्देश दिए। साथ ही हमालों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री के इस निरीक्षण का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखना तथा उपार्जन केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देना रहा।