रायपुर, 10 सितंबर 2026।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत जशपुर जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से जशपुर जिले के युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिले के युवा 25 सितंबर 2026 तक क्विज में भाग लेकर इस पहल का हिस्सा बन सकते हैं।
जिला से राष्ट्रीय स्तर तक मिलेगा अवसर
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की प्रक्रिया क्विज से शुरू होकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल कार्यक्रमों में सहभागी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें नीति निर्माण, नवाचार और राष्ट्र विकास के सक्रिय भागीदार के रूप में तैयार करना है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर युवाओं के विचारों एवं सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवा संगठनों और संस्थानों से सहभागिता की अपील
मेरा युवा भारत, जशपुर ने जिले के सभी पात्र युवाओं, युवा संगठनों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से अपील की है कि वे 25 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक संख्या में क्विज में भाग लें।
यह पहल जशपुर के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।