Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

महतारी वंदन योजना में पुरुषों को लाभ मिलना भाजपा सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार का प्रमाण: कांग्रेस,

Priyanshu Ranjan

रायपुर, 08 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया है कि महतारी वंदन योजना में पात्र महिलाओं के स्थान पर पुरुषों द्वारा लाभ लिया जाना भाजपा सरकार की प्रशासनिक विफलता, लापरवाही और भ्रष्टाचार का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई योजना में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं सरकार की सत्यापन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। महतारी वंदन योजना का उद्देश्य पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

- Advertisement -

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का वादा कर उनका समर्थन हासिल किया, लेकिन योजना के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के बजाय अपने लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि यदि पुरुष लाभार्थी बनकर सरकारी राशि प्राप्त कर रहे हैं, तो इसे केवल तकनीकी त्रुटि नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह पूरी सत्यापन प्रक्रिया की गंभीर विफलता है।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि खैरागढ़ जिले में एक पुरुष को लगातार 12 माह तक महतारी वंदन योजना का लाभ मिलता रहा, जबकि आवेदन पत्र में हितग्राही और पति दोनों के नाम के कॉलम में उसी पुरुष का नाम दर्ज था। इसके बावजूद आवेदन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर स्तर पर सत्यापित हो गया। कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण बताया।

सत्यप्रकाश सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि महासमुंद जिले में एक महिला, जिसके पति जिला पंचायत सचिव हैं और वह स्वयं सरकारी शिक्षिका हैं, उसे भी योजना का लाभ मिलता रहा। उन्होंने कहा कि इससे पहले चर्चित मामले में अभिनेत्री सनी लियोनी के नाम पर भी योजना का लाभ स्वीकृत होने की खबर सामने आई थी। इसके अलावा कई आयकरदाताओं तक को योजना का लाभ मिलने के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस का दावा है कि ऐसे कई प्रकरण पूरे प्रदेश से सामने आ रहे हैं, जो आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया में गंभीर खामियों की ओर संकेत करते हैं।

See also  Ratlam News; नरेंद्र मोदी विचार मंच का स्थापना दिवस आशापुरा होटल मनाया गया : संगठन का मुख्य उद्देश्य मोदी जी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना- मोहनलाल मुरलीवाला

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि इन घटनाओं से स्पष्ट हो गया है कि सरकार ने पर्याप्त जांच-पड़ताल के बिना लाभ वितरण किया, जिससे वास्तविक पात्र महिलाओं के अधिकार भी प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि जिन लोगों ने गलत तरीके से योजना का लाभ लिया है, उनसे पूरी राशि की वसूली की जाए तथा संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।

कांग्रेस ने कहा कि सरकार का दायित्व केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि उनका पारदर्शी और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करना भी है। यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में इस प्रकार की लापरवाही जारी रही, तो जनता का विश्वास कमजोर होगा और सरकारी धन के दुरुपयोग पर प्रश्नचिह्न लगते रहेंगे।

Share This Article