सूरजपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्र्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक एनएचएम कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवार सहित शामिल होंगे।
महासम्मेलन को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं तथा कर्मचारियों में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इस महासम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रमण सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल सहित विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं एनएचएम कर्मचारी
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेशभर के ग्रामीण एवं शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत एनएचएम कर्मचारी एवं अधिकारी इस महासम्मेलन में भाग लेंगे।
कोविड काल से लेकर वर्तमान तक स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में एनएचएम कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में यह महासम्मेलन उनके समर्पण, संगठनात्मक एकता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री की सहमति से बढ़ा उत्साह
संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया, जिसके बाद प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों में उत्साह और बढ़ गया है।
ऐतिहासिक आयोजन की ओर बढ़ते कदम
संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत होगी। उन्होंने कहा कि महासम्मेलन की लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा यह आयोजन एनएचएम कर्मचारियों की संगठनात्मक शक्ति और एकजुटता का ऐतिहासिक प्रदर्शन साबित होगा।
सूरजपुर से भी पहुंचेगा बड़ा प्रतिनिधिमंडल
एनएचएम संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने बताया कि जिले के सभी एनएचएम कर्मचारी अपने परिवार सहित महासम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर जिले के कर्मचारियों में विशेष उत्साह है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रदेशभर की निगाहें 13 जून पर…
रायपुर में आयोजित होने वाला यह महासम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हजारों कर्मचारियों की एकजुटता का प्रतीक बनने जा रहा है। 13 जून को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में एनएचएम परिवार की यह विशाल उपस्थिति निश्चित रूप से एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगी।