प्रदेश प्रवक्ता डॉ किरण बघेल का तीखा हमला, कहा : विधिसम्मत पुलिस कार्रवाई में बाधा डालना कांग्रेस की पुरानी फितरत
‘शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में करारी हार सामने देख कांग्रेस अब दबाव की राजनीति कर कानून के राज को दे रही चुनौती’
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने सरगुजा संभाग के सूरजपुर (विश्रामपुर) में कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए धरने और आमरण अनशन पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे कांग्रेस के पतनशील राजनीतिक और आपराधिक चरित्र का सजीव प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता से पूरी तरह नकार दी जा चुकी कांग्रेस अब प्रदेश में कानून व्यवस्था को बंधक बनाकर अराजकता का माहौल पैदा करने पर आमादा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कहा कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में अपनी सम्भावित करारी हार को सामने देख कांग्रेस के दिग्गज नेता बुरी तरह बौखला गए हैं। इस बौखलाहट में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जैसे शीर्ष नेता एक ऐसे व्यक्ति के पक्ष में धरने पर बैठ गए, जिसके खिलाफ पुलिस ने विधिसम्मत तरीके से आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया है। उन्होंने कांग्रेस से तीखे सवाल करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस अब खुलेआम हथियारों के अवैध प्रदर्शन और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने वाली पार्टी बन चुकी है? पुलिस और प्रशासन जब नियमानुसार अपनी कार्रवाई कर रहे हैं, तो कांग्रेस के बड़े नेता अनशन और धरने का नाटक करके जाँच को प्रभावित करने और दबाव बनाने की ओछी राजनीति क्यों कर रहे हैं? क्या कांग्रेस के नेताओं के लिए देश का कानून और आर्म्स एक्ट की धाराएँ मायने नहीं रखतीं? क्या कांग्रेस नेताओं का कानून पर विश्वास खत्म हो गया है, जो वे जाँच हेतु सहयोग नहीं प्रदान कर रहे और गंभीर अपराध के आरोपी को बचाने इस तरह धरने पर बैठ गए हैं? पुलिस प्रशासन तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई करेगा और कोई भी दोषी सुशासन की सरकार में बच नहीं पाएगा। आर्म्स एक्ट जैसा गंभीर अपराध के आरोपी का इस तरह से बचाव करना कांग्रेस और बैज की बीमार मानसिकता का परिचायक है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस द्वारा की जा रही गुंडागर्दी, भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और पुलिस प्रशासन पर अनर्गल दबाव बनाने की राजनीति की तीखे शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि विकास से विमुख हो चुकी कांग्रेस अब अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण देकर निष्पक्ष चुनाव को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कृत्य साफ दर्शाता है कि उसे न तो लोकतंत्र पर भरोसा है और न ही न्याय व्यवस्था पर। कांग्रेस पार्टी हमेशा से तुष्टीकरण, दबाव की राजनीति और अपराधियों को बढ़ावा देकर सत्ता हथियाने की आदी रही है। एक तरफ भाजपा सरकार प्रदेश में ‘कानून का राज’ स्थापित कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के दिग्गज सड़कों पर बैठकर अराजकता फैलाने और अपराधियों की ढाल बनने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी दबाव, अनशन या गीदड़भभकी के आगे पुलिस प्रशासन नहीं झुकेगा। अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार हो या उसे कितने ही बड़े कांग्रेसी दिग्गजों का संरक्षण प्राप्त हो, उसके खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई होकर रहेगी। प्रदेश में अराजकता फैलाने की कांग्रेस की इस साज़िश को राज्य की जागरूक जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि 24 मई 2026 को कांग्रेस से जुड़े नरेंद्र जैन नामक व्यक्ति द्वारा भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पाण्डेय के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए, फरसा लहराकर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है। घटना के वक्त मित्तल पाण्डेय के साथी मुकेश साहू ने किसी तरह उनकी जान बचाई और वहाँ से भागे। 26 मई 2026 को कानूनी कार्रवाई और अपराध से बचने के लिए नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन द्वारा दो दिन बाद मुकेश साहू एवं मित्तल पाण्डेय के विरुद्ध पूर्णतः झूठी और मनगढ़ंत काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जिसमें रत्तीभर भी सत्यता नहीं है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई इस झूठी रिपोर्ट की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर तत्काल प्रकरण खत्म किया जाए और राजनीतिक द्वेषवश और पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के इस नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस अनर्गल दबाव बनाकर भय का माहौल पैदा करना चाहती है ताकि भाजपा कार्यकर्ता प्रचार न कर सकें। लेकिन क्षेत्र की जनता कांग्रेस की इस दमनकारी और अपराधी समर्थक नीति को पहचान चुकी है और चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।