भरत शर्मा की रिपोर्ट

पिछले चार महीनों से इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी है। कई लोगों ने नोटिस मिलने के बाद अपने मकानों और दुकानों के आगे के हिस्से स्वयं ही हटा दिए थे, लेकिन जिन लोगों ने अभी तक नियम अनुसार पक्का निर्माण नहीं हटाया था, उनके खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की

सोमवार सुबह नगर निगम आयुक्त अनिल भाना भी मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में निगम का रिमूवल अमला कार्रवाई के लिए मौजूद रहा। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से तीन से चार मंजिला भवनों के आगे के हिस्सों को हटाया गया।
6.32 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा फोरलेन
चांदनी चौक से पुराने बाजना बस स्टैंड तक लगभग 600 मीटर लंबी पुरानी सड़क को हटाकर 18 मीटर चौड़ी डामर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 6.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी कारण क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है
अक्टूबर-नवंबर में हुई नपती के दौरान क्षेत्र के 192 मकानों में 2 से 4 मीटर तक अतिक्रमण पाया गया था। नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया, लेकिन कुछ लोगों द्वारा ऐसा नहीं करने से काम की गति प्रभावित हो रही थी। अब शेष बचे करीब 27 मकानों और दुकानों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना ने बताया कि दो माह पहले सभी को नोटिस दे दिए गए थे और 9 मार्च तक अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके चलते निगम को कार्रवाई शुरू करनी पड़ी।



