सूरजपुर। अंबिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर बीच सड़क बर्थडे मनाना और आतिशबाजी करना सात युवकों को भारी पड़ गया। सूरजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 16 फरवरी की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने की है। आरोपियों ने मुख्य मार्ग पर कार खड़ी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया और तेज आवाज में संगीत बजाते हुए सड़क पर ही पटाखे फोड़े। रात के समय यह मार्ग व्यस्त रहता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी हुई और दुर्घटना की आशंका बन गई।
प्रारंभिक रूप से बीएनएस की धारा 285 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद धारा 287, 288 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 201 भी जोड़ी गई। घटना में प्रयुक्त दो कारों को जब्त कर लिया गया है।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार का जश्न कानून का उल्लंघन है और आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ है। भविष्य में भी सड़क पर स्टंट, आतिशबाजी या यातायात बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



