भरत शर्मा की रिपोर्ट

नामली। संवाददाता नगर व आसपास के क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिज़ाज ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। गुरुवार रात्रि से शुरू हुई बुंदाबांदी शुक्रवार को तेज बारिश में तब्दील हो गई, जिससे गेहूं, लहसुन, मटर, राईडा सहित रबी की फसलें भारी नुकसान का शिकार हो गईं।

क्षेत्र के किसान नेता बंटी डाबी ने किसानों के खेतों का दौरा कर फसलों की स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान किसान ईश्वर लाल कुमावत के खेत में करीब 10 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह खराब पाई गई। किसानों ने बताया कि मावठे की इस बारिश ने चालू सीजन की फसल को तबाह कर दिया है और क्षेत्र की लगभग सभी रबी फसलें प्रभावित हुई हैं।
किसानों का कहना है कि गत वर्ष भी अधिक वर्षा के कारण प्राकृतिक आपदा से फसलें नष्ट हो चुकी थीं और इस वर्ष पहली महत्वपूर्ण फसलें बे-मौसम बारिश की भेंट चढ़ गईं। किसानों ने बीमा कंपनी व राजस्व विभाग से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन शीघ्र राहत राशि प्रदान करे, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके और किसानों को संबल मिल सके।



