भरत शर्मा की रिपोर्ट
रतलाम उज्जैन /नाबालिग से दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद बडनगर का युवक बिलपांक की युवती से विवाह करने बारात लेकर पहुंचा था। दुष्कर्म पिडिता इस दौरान अस्पताल में भर्ती हुई और उसके गर्भवती होने की जानकारी संज्ञान में आने पर तत्काल ही मामले में पुलिस ने बिलपांक वाली युवती के परिजनों से संपर्क किया और दुल्हे का काला सच बताकर शादी रूकवा दी थी। इस दौरान आरोपी दुल्हा फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सेन चौहान पिता सचिनचंद्र सेन चौहान निवासी शिक्षक कालोनी बडनगर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने पर उसे जेल भेज दिया गया।
बडनगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार शिक्षक कॉलोनी निवासी अभिषेक सेन की शादी रतलाम के बिलपाक थाना क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। दो दिनों से शादी के कार्यक्रम के बाद बुधवार रात करीब 8 बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस ने दुल्हन पक्ष को फोन कर बताया कि जिस युवक से उनकी बेटी की शादी होने जा रही है,उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने वाला है
इस बात की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हंगामा मच गया। दोनों पक्षों ने बातचीत कर तत्काल शादी रोक दी। दूल्हा तोरण भी नहीं मार पाया और बिना शादी किए मोबाईल बंद कर बिलपांक से फरार हो गया था
शुक्रवार को आरोपी को उसके घर के पास से ही गिरफ्तार कर न्यायालय न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किए जाने पर वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी श्री पाटीदार बताते हैं कि एक 15 वर्षीय नाबालिग जो कि आरोपी के निवास क्षेत्र की ही है, 6 अप्रैल को उसने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। 8 अप्रैल को अस्पताल में डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की जानकारी दी। इस पर परिजनों की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि 5 जनवरी को आरोपी उसके घर आया था और धमकी देकर दुष्कर्म किया था। इसकी जानकारी पुलिस को अस्पताल से दी गई थी।
इसके साथ ही आरोपी युवक के शादी करने बारात लेकर बिलपांक जाने की जानकारी भी मिली थी। पुलिस ने तत्काल ही एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज करने से पहले ही शादी रुकवाने के लिए बिलपांक निवासी दुल्हन पक्ष से संपर्क किया। दुल्हन के पिता,भाई सहित रिेश्तेदारों को दुल्हे का काला सच बताया गया। आरोपी अभिषेक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
