भरत शर्मा की रिपोर्ट

उज्जैन/महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने आज ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में भोग आरती के दौरान दर्शन किए। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।
महाजन ने कहा कि जब भी वे महाकाल मंदिर आते हैं, उन्हें कुछ नया अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद यहां आने का अवसर मिला और बाबा महाकाल के दर्शन व आरती का सौभाग्य प्राप्त कर वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने मंदिर में लगातार बेहतर होती व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए यहां उत्कृष्ट प्रबंधन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर मंदिर और पंढरपुर में भी इसी तरह की व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
महाजन ने जानकारी दी कि वर्ष 2027 में नासिक में 12 साल बाद कुंभ मेले का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी वे कुंभ मेला मंत्री थे और इस बार भी उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि नासिक कुंभ में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले आयोजनों की तुलना में कई गुना अधिक होने की संभावना है, इसलिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
गौरतलब है कि गिरीश महाजन महाराष्ट्र सरकार में एक वरिष्ठ भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री हैं, जो जल संसाधन, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
