Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

उदयपुर पुलिस ने 38 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार,

Priyanshu Ranjan

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध आबकारी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशों के बाद मुस्तैद हुई पुलिस टीम ने भंडारगांव में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 38 लीटर अवैध अंग्रेजी व देसी शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 26,740 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

- Advertisement -

घटनाक्रम के मुताबिक 6 जून 2026 को उदयपुर थाना की पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग और ग्राम-भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि भंडारगांव में अभिषेक यादव नामक व्यक्ति अपने किराए के मकान के पास ही अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर मौजूद संदेही से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अभिषेक यादव (24 वर्ष), मूल निवासी रोपाखार (कमलेश्वरपुर) और वर्तमान निवासी भंडारगांव (उदयपुर) बताया।

- Advertisement -

जब पुलिस ने उससे शराब की बिक्री के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के भीतर से खाकी रंग के तीन अलग- अलग कार्टन बरामद किए गए। इन कार्टनों में गोल्डन गोवा, रॉयल चैलेंजर, रॉयल स्टैग, आईबी, मैकडॉवल, मैजिक मोमेंट्स, वोदका, सिम्बा बियर और देसी मसाला सहित कुल 38 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी। शराब की बिक्री और भंडारण के संबंध में जब पुलिस ने आरोपी से वैध दस्तावेज या लाइसेंस की मांग की, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

See also  रामानुजगंज में मिला युवक का शव: मछली पकड़ते समय कन्हर नदी में बहा था काशी भुइंया, 24 घंटे बाद मिला शव

इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में उदयपुर थाना प्रभारी व निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, संजय नागेश, आरक्षक रविन्द्र साहू, देवेन्द्र सिंह, अजय शर्मा और सैनिक प्रवीण व नीरज की मुख्य भूमिका रही।

Share This Article