Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक छत्तीसगढ़ी संस्कृति की महक – NACHA ने

Priyanshu Ranjan

भारतीय दूतावासों के साथ मनाया “जनजातीय गौरव दिवस”

रायपुर, 17 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक सुनाई दी. भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) (North America Chhattisgarh Association (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

- Advertisement -

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इस पहल का उद्देश्य भारत के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है. इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाचा के पदाधिकारियों और छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

- Advertisement -

गणेश कर के नेतृत्व में एक मंच पर आए विभिन्न राज्यों के संगठन

अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा नेशनल इंडिया हब में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में अनेक भारतीय राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने एकजुट होकर भारत की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया।

भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने समारोह में देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित किया। इस आयोजन के सामुदायिक समन्वय और नेतृत्व की जिम्मेदारी भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई. उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के संगठनों को एक मंच पर लाया गया। इस अवसर पर नाचा के शिकागो चौप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका और महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला।

See also  Ratlam News ; कुरु क्षेत्र ग्रुप द्वारा रक्त दान शिविर आयोजित : स्व. पुलकित शर्मा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 50 यूनिट रक्त एकत्रित

भारतीय महावाणिज्य दूत ने दीपाली सरावगी को किया सम्मानित

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया। दीपाली सरावगी इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं. छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान को मजबूत करने की दिशा में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है।इस अवसर पर दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश साझा किया और छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गणेश कर ने कहा, “मैं मूल रूप से बस्तर से हूं, इसलिए छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति की समृद्धि और उसकी ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानता हूं. भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए गर्व और सम्मान का विषय है। हमारा उद्देश्य केवल एक राज्य की संस्कृति का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि मणिपुर, असम, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों के समुदायों को एक मंच पर लाकर भारत के सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देना था।”

कनाडा में बिलासपुर के पंकज अग्रवाल ने संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा नाचा, टीम ओडिशा, ओएससी, बाजका, टाका, यूपीआईसीए और टीएसएस सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। भारतीय महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की और जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान तथा सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

See also  रतलाम मंडल में बैठक का आयोजन : ऑल इंडिया एसटी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन ( स्ट्रगल )कमेटी द्वारा,सदस्यता अभियान एवं फंड जुटाना पर हुई चर्चा

इस आयोजन में मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी, नाचा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष एवं वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महत्वपूर्ण नेतृत्व और समन्वय की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारत की विविध जनजातीय संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया. कलाकारों और प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

पंकज अग्रवाल ने कहा, “विदेशों में रहकर अपने प्रदेश के जनजातीय नायकों और उनकी विरासत को प्रस्तुत करना प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान है। भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनना हमारे लिए सम्मान की बात है। ऐसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं।”

लंदन के नेहरू सेंटर में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का गौरवशाली प्रदर्शन

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम में नाचा यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनजातीय समुदायों के इतिहास, स्वतंत्रता संघर्ष, लोककला और सांस्कृतिक विविधता को प्रमुखता दी गई।

नाचा यूके से अरविंद साहू, पियाली और अन्य कार्यकारी सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए भारतीय उच्चायोग और सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विचार साझा किए गए. पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता का संदेश दिया गया।

ह्यूस्टन में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

See also  Ratlam News/RPS में शौर्य को किया नमन ,गूँजी वीर गाथाएँ : सेना दिवस पर 1971 और कारगिल युद्ध के नायकों का RPS शक्ति सेना ने किया भव्य अभिनंदन

अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में भी भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया. नाचा के कार्यकारी प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का संदेश साझा किया।

दुनिया भर में छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों की गाथा पहुंचाना, नाचा का संकल्प -दीपाली सरावगी

नाचा की वैश्विक अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 से सम्मानित दीपाली सरावगी ने कहा, “यह हम सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि आज हमारे प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में भारतीय दूतावासों और उच्चायोग के साथ मिलकर भारत की जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पहल के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनगिनत जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की धरती है. हमारी पहचान केवल प्राकृतिक संपदा से नहीं, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता से भी है। मुझे इस बात की विशेष प्रसन्नता है कि नाचा के प्रतिनिधि विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के विश्वसनीय सहयोगी बनकर ऐसे महत्वपूर्ण आयोजनों का नेतृत्व कर रहे हैं. यह केवल नाचा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी छत्तीसगढ़ी प्रवासी बिरादरी के लिए गर्व का क्षण है.

दीपाली सरावगी ने कहा कि नाचा का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और यह सुनिश्चित करना है कि हमारी आने वाली पीढ़ियां अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और महान नायकों के योगदान को जानें. उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन के सभी नाचा पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों का आभार जताया।

Share This Article