सूरजपुर ।
बैंक से रकम निकालकर घर जाने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति के साथ उठाईगिरी की वारदात के मामले में प्रतापपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने 1 लाख 37 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुर खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर 2026 को वह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीएक्स 9297 से प्रतापपुर आया था। यहां सहकारी बैंक और स्टेट बैंक से कुल 2 लाख रुपये निकालकर उसने रकम प्लास्टिक के झोले में रखी थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कथित तौर पर रकम पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर प्रतापपुर थाना में अपराध क्रमांक 280/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5), 112 और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से तलाश-
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतापपुर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी संसाधनों और अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम को जिला जशपुर की ओर रवाना किया गया।
पुलिस ने बतौली क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25 वर्ष), पिता वासुदेव मीणा, निवासी ग्राम झक्कड़पुर, स्कूलपारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर तथा रोहित यादव (34 वर्ष), पिता सुंदर यादव, निवासी ग्राम जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में वारदात स्वीकार करने का दावा-
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि एक लाख रुपये होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमडब्ल्यू 3648 की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए हैं। जबकि 37 हजार रुपये सफेद गमछे में रखे हुए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 1 लाख 37 हजार रुपये नगद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी-
पुलिस के मुताबिक इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पतासाजी की जा रही है।पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर दिनेश पुरैना, एएसआई योगेंद्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे तथा आरक्षक अशोक कनौजिया, राजेश तिवारी और नौशाद सक्रिय रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई में उठाईगिरी के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी, नकदी की बरामदगी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जब्ती हुई है, वहीं,फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।