स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले — यह बजट विकास का रोडमैप
चिरमिरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत संकल्प बजट 2026–27 को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एमसीबी जिले के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। बजट प्रस्तुतीकरण के बाद उन्होंने कहा कि यह केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास का ठोस खाका है।
उन्होंने कहा कि नगरीय सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रावधान किए गए हैं। इससे एमसीबी जिले के साथ-साथ मनेंद्रगढ़ विधानसभा भी विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित विधानसभा के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
नगर निगम चिरमिरी को अग्निशमन सशक्तिकरण के तहत अग्निशमन मशीन एवं उपकरण खरीदी के लिए ₹500 लाख तथा नवीन फायर वाहन, वॉटर टेंडर, मिस्ट वाहन एवं वॉटर बाउजर के लिए ₹950 लाख की स्वीकृति मिली है। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला चिकित्सालय चिरमिरी को 200 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन करते हुए 129 नवीन पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। नगरीय विकास के अंतर्गत वार्ड 20 में ऑडिटोरियम निर्माण हेतु ₹550 लाख, अटल परिसर से लोको पुलिया तक गौरव पथ निर्माण हेतु ₹280 लाख तथा वार्ड 16 गौरव पथ एवं सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए ₹790 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में सड़क एवं अधोसंरचना विकास के लिए मनेंद्रगढ़–केल्हारी–जनकपुर राज्य मार्ग चौड़ीकरण हेतु ₹600 लाख, केवई नदी–हसदेव नदी लिंक परियोजना हेतु ₹430 लाख, हसदेव बैराज निर्माण हेतु ₹300 लाख, बेलबहरा–फिशफार्म मार्ग हेतु ₹400 लाख तथा एनएच–43 से एकलव्य आश्रम मार्ग हेतु ₹20 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नवीन शासकीय मेडिकल कॉलेज के लिए 100 पद तथा अतिरिक्त 248 पदों की स्वीकृति दी गई है। नवीन नर्सिंग कॉलेज में 42 पद तथा भवन निर्माण के लिए ₹900 लाख स्वीकृत किए गए हैं। भरतपुर सीएचसी को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन हेतु ₹190 लाख प्रदान किए गए हैं।
शिक्षा व प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के तहत 250 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी (नालंदा परिसर) के लिए ₹441.49 लाख, संयुक्त संभागीय कार्यालय भवन हेतु ₹70 लाख तथा न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए ₹715.96 लाख स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिटी कोतवाली और अग्निशमन भवन की स्थापना से मनेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय का प्रशासनिक ढांचा मजबूत होगा।
खड़गवां क्षेत्र में सड़क एवं पुल निर्माण के तहत पेंड्री–बेलकामार, देवाड़ांड–मंगौरा, रतनपुर–कोटिया और चैनपुर–आमाखेरवा मार्गों के लिए प्रत्येक ₹800 लाख, बेलबहरा–फुनगा मार्ग के लिए ₹480 लाख तथा विभिन्न स्थानों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए ₹800 लाख और ₹450 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
सिंचाई एवं जल संसाधन के अंतर्गत देवाड़ांड में हसदेव नदी पर बैराज निर्माण हेतु ₹300 लाख, कोरजा डायवर्जन योजना हेतु ₹400 लाख, उधनापुर नाला व्यपवर्तन हेतु ₹400 लाख तथा साजा पहाड़ व्यपवर्तन हेतु ₹500 लाख स्वीकृत किए गए हैं। देवाड़ांड में नवीन महाविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह बजट एमसीबी जिले को सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र के अनुरूप विकास को जनकल्याण से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एमसीबी जिले के लिए कुल स्वीकृत राशि लगभग ₹388.73 करोड़ 28 हजार रुपए है, जो क्षेत्र के दीर्घकालिक और समावेशी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
