भरत शर्मा की रिपोर्ट

रतलाम: रतलाम जिले के नामली में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के मामले में प्रशासन ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए। यह कार्रवाई महू रोड स्थित शहजाद मंसूरी के घर पर की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण किए जाने की शिकायत मिल रही थी

जानकारी के अनुसार गोपनीय सूचना मिलने के बाद ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शाम करीब 7:30 बजे मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान घर के पिछले हिस्से में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे पाए गए।

कार्रवाई के दौरान पटवारी टीकमसिंह चौहान, सहायक आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान, थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा
छापेमारी के दौरान मौके से कुल 31 सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें भारत गैस के 21, एचपी गैस के 4, इंडेन के 5 और रिलायंस कंपनी का 1 सिलेंडर शामिल है। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर स्थानीय गैस एजेंसी के गोदाम में जमा करवा दिया है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार शहजाद मंसूरी लंबे समय से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसके घर के सामनेऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर संचालित होता है, जबकि घर के पिछले हिस्से में गैस सिलेंडर रखे जाते थे। कोरोना काल के दौरान भी यहां इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी है।
नामली के गैस डीलर राजेश भंसाली ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लगभग 990 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है, जबकि यहां अवैध रूप से 1200 से 1300 रुपये तक में सिलेंडर बेचे जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
रिपोर्ट के बाद दर्ज होगा प्रकरण
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि संबंधित विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और भंडारण किया जा रहा है। जांच में मौके से 22 भरे हुए और 9 खाली सिलेंडर बरामद हुए हैं।
