भरत शर्मा की रिपोर्ट

Ratlam/मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के ग्राम पिपलिया जोधा में करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में ग्रामीणों ने एकजुट होकर FIR को झूठा और निराधार बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है।
इस संबंध में शनिवार जावरा एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बाछड़ा समुदाय के कुछ लोगों द्वारा SC/ST एक्ट के तहत दर्ज कराई गई FIR पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन है। उनका कहना है कि दुर्भावनापूर्ण तरीके से झूठे आरोप लगाकर जीवन सिंह शेरपुर की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाकर झूठी FIR को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, ताकि एक निर्दोष व्यक्ति को न्याय मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस प्रकरण में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम पिपलिया जोधा के लोग शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
