मनेंद्रगढ़।:पेशा कानून दिवस के अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा जिला मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (एमसीबी) कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया गया। इससे पहले ग्राम भलोर स्थित गोंडवाना संस्कृति मैदान में गोंडवाना पंचायत सभा का आयोजन कर पेशा कानून से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि पेशा कानून आदिवासी समाज को अपने क्षेत्र, भूमि और संसाधनों पर अधिकार देता है। इसी कानून के चलते आज आदिवासी समाज से पंच, सरपंच, जनपद व जिला स्तर तक प्रतिनिधि चुने जा रहे हैं। वक्ताओं ने किसानों और आदिवासियों से जुड़े अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा की।
सभा के बाद पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में धरना दिया गया। इस दौरान 23 सूत्रीय मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से धान खरीदी में अनियमितता, किसानों से पल्लेदारी कराना, साजा पहाड़ मार्ग में गड़बड़ियां, भूमि अधिग्रहण का मुआवजा न मिलना, परसा–केते कोल परियोजना से प्रभावित आदिवासियों की समस्याएं, वनाधिकार पट्टों की निष्पक्ष जांच, बैगा जनजाति की भूमि पर अवैध कब्जा तथा जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों, आईसीयू और ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही।
धरना प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



