चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 127 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 141 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, भवन निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, विद्युत विस्तार और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के तहत 82 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 59 नए कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने चिरमिरी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि पलायन रोका जा सके।
पर्यटन और शिक्षा पर जोर
महापौर रामनरेश राय ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि योजनाबद्ध विकास से चिरमिरी को पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है। उन्होंने अग्निशमन वाहन, बकरी संवर्धन केंद्र, पुलिस चौकी और तहसील भवन की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य और पेयजल योजनाएं
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि चिरमिरी में जिला अस्पताल और मनेंद्रगढ़ में 220 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल का कार्य प्रगति पर है। साथ ही 181 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन देने का काम जारी है।
किसानों और सामाजिक योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने किसानों से धान खरीदी, आवास योजना और महिला हितग्राही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गांव से शहर तक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।



