दरिमा थाना क्षेत्र के भालूकछार में वारदात; कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार, आरोपी न्यायालय से जेल भेजा गया
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार में जमीन बेचकर बैंक का कर्ज चुकाने को लेकर हुए विवाद में बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पुत्र मुकेश सिंह (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक रामाशंकर सिंह ने कुछ वर्ष पहले घरेलू कार्य के लिए बैंक से ऋण लिया था। समय पर ऋण की राशि जमा नहीं हो पाने के कारण ब्याज बढ़ता गया और बकाया राशि करीब 8 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। बैंक की ओर से ऋण चुकाने का दबाव बनाए जाने के बाद रामाशंकर ने अपनी जमीन बेचकर बैंक का कर्ज चुका दिया।
जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र में हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, पिता द्वारा जमीन बेचे जाने से उनका पुत्र मुकेश सिंह नाराज था। शुक्रवार रात जमीन बेचने के मुद्दे को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ।
विवाद के दौरान मुकेश ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपने पिता रामाशंकर सिंह के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बड़े भाई ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मृतक के बड़े भाई मधुवन शंकर सिंह ने शनिवार सुबह दरिमा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।
धारा 103(1) BNS में कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
दरिमा पुलिस ने आरोपी मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में दरिमा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे, एसआई राजेश तिवारी, एएसआई मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज मालवीय, आरक्षक अशोक कुजूर, अखलेश यादव, शरद राजवाड़े, सुरेश यादव, निर्मल शेरशाह मिंज, आलोक एवं भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।