झूठी लूट की कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश नाकाम, विधि से संघर्षरत एक बालक समेत चार आरोपी गिरफ्तार,
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुई 5 लाख रुपये की चोरी का चंद घंटों में खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की पूरी साजिश घर में काम करने वाले नौकर और ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों द्वारा हाथ-पैर बांधकर चोरी किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पूछताछ और तकनीकी जांच में पूरा मामला बेनकाब हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के पूरे 5 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परिवार के घर से बाहर जाने का इंतजार किया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद साक्ष्य छिपाने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए झूठी कहानी तैयार की गई थी।
सरगुजा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है