AAJ24

[state_mirror_header]

राजस्थान के सीकर जिले में रस्म बना गई आफत : 11 हजार की बहस में कैसे स्वाहा हो गए 50 लाख,फेरों के बाद बिना दुल्हन वापस लौटी बारात,दूल्हे का पलटवार, मांग ली बुलेट और 5 लाख रुपये

Bharat Sharma

भरत शर्मा की रिपोर्ट

- Advertisement -

sikarwedding1 1768798918

- Advertisement -

Sikar: राजस्थान के सीकर जिले में एक शादी समारोह अचानक अखाड़े में तब्दील हो गया। हंसी-मजाक की एक पारंपरिक रस्म ‘ईगो’ की लड़ाई बन गई। अमूमन शादियों में जूता छुपाई की रस्म दूल्हे और सालियों के बीच मीठी नोकझोंक के लिए जानी जाती है। लेकिन यहां 11,000 रुपये की डिमांड ने दो परिवारों की खुशियों को ग्रहण लगा दिया।

विदाई की दहलीज पर खड़े इस रिश्ते में दरार आ गई। सालियों की जूता छिपाई रश्म में नेग की जिद के जवाब में दूल्हे ने ऐसी मांग रख दी कि मामला थाणे पहुंच गया। करीब 50 लाख रुपये के भारी-भरकम खर्च और फेरों की रस्म पूरी होने के बावजूद, यह वैवाहिक बंधन डोली उठने से पहले ही पुलिस थाने की चौखट तक पहुंच गया। इस घटना ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे रस्मों के नाम पर होने वाला मोल-भाव दो जिंदगियों को तबाह कर सकता है।

11 हजार की जिद और सालियों का अड़ियल रुख

सीकर जिले में आयोजित इस शादी में सब कुछ ठीक चल रहा था। फेरे हो चुके थे और बारात विदा होने की तैयारी में थी। तभी जूता छुपाई की रस्म शुरू हुई। दूल्हे की सालियों ने जूता वापस करने के बदले 11,000 रुपये के नेग की डिमांड की। वर पक्ष की ओर से 5,100 रुपये या उससे कुछ अधिक पर सहमति बनाने की कोशिश की गई, लेकिन वधू पक्ष की युवतियां अपनी मांग पर अड़ी रहीं। उन्होंने साफ कह दिया कि जब तक 11,000 रुपये नहीं मिलेंगे, तब तक ‘दीदी’ को विदा नहीं किया जाएगा। हंसी-मजाक से शुरू हुई यह बात धीरे-धीरे बहस और फिर झगड़े में बदल गई।

See also  मध्यप्रदेश के आईपीएस अभिषेक तिवारी का इस्तीफा : बालाघाट, सागर और रतलाम में एसपी रहे,वीरता पुरस्कार से हो चुके हैं सम्मानित,वर्तमान में एनटीआरओ दिल्ली में पदस्थ

दूल्हे का पलटवार, मांग ली बुलेट और 5 लाख रुपये

बहस के दौरान माहौल इतना गरमा गया कि दूल्हा भी अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सका। सालियों की जिद के जवाब में दूल्हे ने मर्यादा की दीवार लांघते हुए मौके पर ही 5 लाख रुपये नकद और एक बुलेट बाइक की डिमांड कर डाली। उसने दो टूक कह दिया कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह बारात वापस ले जाएगा। इस अचानक आई डिमांड ने लड़की वालों के होश उड़ा दिए और शादी का घर रणक्षेत्र में बदल गया। मौके पर मौजूद बड़े-बुजुर्गों ने दोनों पक्षों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दूल्हा अपनी बात पर डटा रहा।

दुल्हन अंजू जाखड़ पहुंची कोतवाली, दर्ज कराया मुकदमा

दूल्हे के इस व्यवहार और लालच को देखकर दुल्हन अंजू जाखड़ ने साहसिक फैसला लिया। उसने ऐसे व्यक्ति के साथ जीवन बिताने से इनकार कर दिया और सीधे पुलिस कोतवाली पहुंच गई। अंजू की ओर से दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न (Dowry Case) की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कराई गई। वहीं, जवाबी कार्रवाई करते हुए दूल्हे के पिता ने भी शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे और बारात को बंधक बना लिया गया था। पुलिस ने भी दोनों पक्षों को काउंसलिंग के जरिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

फेरों के बाद भी ठुकराया रिश्ता, 50 लाख स्वाहा

इस पूरे विवाद का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि शादी की सभी रस्में और फेरे पूरे हो चुके थे। दोनों पक्षों ने भव्य आयोजन पर करीब 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन कानूनी कार्यवाही और आपसी कड़वाहट इतनी बढ़ गई कि दूल्हा और दुल्हन दोनों ने एक-दूसरे को ठुकरा दिया। स्थानीय लोगों का मानना है कि FIR में कई बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है, जिसने सुलह की गुंजाइश खत्म कर दी। बारात बिना दुल्हन के खाली हाथ वापस लौट गई।

See also  वास्तु के अनुसार इन चीजों को अपने ऑफिस टेबल पर रखें मिलेगी तरक्की
Share This Article