जशपुर के खरसोता जंगल में पैदल हांककर ले जाए जा रहे थे मवेशी, पुलिस ने 4 बैल और 3 भैंस बरामद किए
जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत मनोरा चौकी पुलिस ने खरसोता जंगल में कार्रवाई करते हुए तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 7 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की रात मनोरा चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खरसोता जंगल पुलिया के पास कुछ लोग मवेशियों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल अवैध रूप से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस ने 4 बैल और 3 भैंस सहित कुल 7 मवेशियों को बरामद किया। मौके से एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली, जबकि तीन अन्य आरोपी भाग निकले।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान बालेश्वर राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम छतोरी, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फरार तीन आरोपियों की पहचान, तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर फरार हुए तीनों अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसपी ने कहा- जारी रहेगा ऑपरेशन शंखनाद
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी मनोरा के सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, रितेश भगत, अरविंद साय, संजीव कुजूर और नीलीन साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र और अधिक मजबूत किया है। जिले में ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी रहेगा। गौ-तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।