Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में गंभीर मामला: दूसरी मंजिल से कूदा कक्षा 9वीं का छात्र, असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार

Aaj 24
By Aaj 24

हॉस्टल में बंद रखने और मारपीट व उठक-बैठक कराने का आरोप; गांधीनगर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं के एक छात्र के दूसरी मंजिल से कूदने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में छात्र की रीढ़ की हड्डी, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर छात्र को जबरन कमरे में बंद रखने, मारपीट करने और उठक-बैठक कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, मार्केटिंग हेड, हॉस्टल अधीक्षक और एचआर सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

- Advertisement -

बेहतर शिक्षा के लिए कराया था दाखिला

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के एक परिवार ने अपने बच्चे को बेहतर शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय से निकालकर अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में प्रवेश दिलाया था। छात्र का दाखिला अगस्त 2026 में हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शुरुआती तीन-चार महीनों में ही छात्र को स्कूल और हॉस्टल का वातावरण अच्छा नहीं लगने लगा था।

See also  साथ चलने से इंकार पर भड़का पति, मामा के घर आई पत्नी की गर्दन पर ब्लेड से किया हमला; आरोपी गिरफ्तार,

इसी बीच रविवार को छात्र हॉस्टल से निकलकर सरगवां में रहने वाली अपनी बुआ के घर पहुंच गया। इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को मिली तो उसे वापस स्कूल लाया गया। आरोप है कि इसके बाद उसे हॉस्टल की दूसरी मंजिल स्थित एक कमरे में बंद कर दिया गया।

रोशनदान के सहारे दूसरी मंजिल से कूदा छात्र

परिजनों के अनुसार, छात्र को कमरे में बंद रखे जाने के दौरान वह किसी तरह रोशनदान के सहारे दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। इस घटना में उसे रीढ़ की हड्डी, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्कूल प्रबंधन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर बेहतर उपचार के लिए उसे बनारस रेफर कर दिया गया।

मारपीट और उठक-बैठक कराने का भी आरोप

छात्र के बड़े पिता ने आरोप लगाया कि जब स्कूल प्रबंधन ने छात्र के हॉस्टल से भागने की जानकारी दी थी, तब परिजनों ने उसे उसकी बुआ के घर ही छोड़ने के लिए कहा था। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन उसे वापस हॉस्टल ले आया और कमरे में बंद कर दिया।

परिजनों का कहना है कि छात्र के हॉस्टल से भागने पर स्कूल प्रबंधन ने उसके साथ मारपीट की और उठक-बैठक भी कराई थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हालांकि, इन आरोपों की विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस को घटना की सूचना नहीं देने का आरोप

गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत के अनुसार, स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्र के हॉस्टल से भागने और दूसरी मंजिल से कूदने की घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी। सोमवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

See also  सरगुजा में दो बड़े मामलों पर बढ़ा पुलिस पर दबाव: दुष्कर्म आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली घेराव, करोड़ों की उठाईगिरी पर 5 घंटे हाईवे जाम,

परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल अधीक्षक अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 351(3), 125, 239 एवं 3(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।

स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर उठे सवाल

इस घटना ने निजी स्कूलों के हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन के नाम पर अपनाए जाने वाले तरीकों और प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नाबालिग छात्र के साथ कथित व्यवहार और घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दिए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना भी इस मामले का अहम पहलू है।

Share This Article