Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

पटवारियों की हड़ताल पर लगा विराम, CM विष्णु देव साय के आश्वासन के बाद संघ ने लिया बड़ा फैसला

Priyanshu Ranjan

वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति, हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी सरकार

रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और मांगों पर समाधान का भरोसा मिलने के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रदेश में प्रभावित राजस्व कार्यों के फिर से सुचारु होने की उम्मीद जगी है।

- Advertisement -

रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुना तथा मांगों के निराकरण की दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

- Advertisement -

वेतन विसंगति और पदोन्नति के लिए बनेगी समिति

मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों का परीक्षण करने के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति सभी संबंधित पहलुओं का अध्ययन कर मांगों के निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

हड़ताल अवधि की कार्रवाई पर भी विचार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के विरुद्ध हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं का समाधान संवाद एवं आपसी समझ से किया जाना चाहिए।

See also  सरगुजा में एनालॉग पनीर पर पहली बड़ी कार्रवाई: बस से प्रतिबंधित खेप जब्त, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज,

संघ ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

सरकार की सकारात्मक पहल और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश के बाद पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री की इस पहल को सरकार और कर्मचारी संगठन के बीच संवाद के जरिए समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें उच्चस्तरीय समिति की अनुशंसाओं और मांगों के आगामी निराकरण पर टिकी हैं।

Share This Article