Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

रायपुर केंद्रीय जेल के 70 बंदियों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र, रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनने की मिलेगी राह

Priyanshu Ranjan

40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर की बारीकियां, 30 महिला बंदियों ने लिया ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण

निश्चय कार्यक्रम के तहत बंदियों को हुनरमंद बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

- Advertisement -

रायपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा तथा 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

- Advertisement -

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उपयोगी व्यावसायिक कौशल प्रदान करना है, ताकि वे रिहाई के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सम्मानजनक जीवन जी सकें।

प्रशिक्षण के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

See also  जावरा/करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर पर झूठी FIR के विरोध में ग्रामीणों का ज्ञापन : निष्पक्ष जांच और FIR निरस्त करने की मांग,आंदोलन की दी चेतावनी

बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा ‘निश्चय कार्यक्रम’ : हिमांशु गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण मिलने से उन्हें रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

महानिदेशक ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। बंदियों को उपयोगी हुनर से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा और हुनर से मजबूत होगी आत्मनिर्भरता की नींव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

See also  छत्तीसगढ़ में 22 पुलिस अफसरों को मिलेगा मेडल

जेलों को सुधार एवं पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share This Article