Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर को 232 करोड़ की विकास सौगात, खराब मौसम के चलते प्रेमनगर नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Priyanshu Ranjan

प्रेमनगर में 63 कार्यों का लोकार्पण और 54 कार्यों का भूमिपूजन; नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा, वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर/प्रेमनगर, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान 24 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से पूर्ण 63 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 208 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाले 54 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं, प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2 करोड़ 70 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की गई।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री का प्रेमनगर दौरा प्रतिकूल मौसम के कारण रद्द हो गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच पाने के लिए खेद व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरगुजा अंचल सहित प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं को साकार करना राज्य सरकार का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रेमनगर को मिली 2.70 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रेमनगर नगर पंचायत में मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये की घोषणा की। इन घोषणाओं से प्रेमनगर में नागरिक सुविधाओं और स्थानीय अधोसंरचना के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। स्थानीय जरूरतों और जनप्रतिनिधियों की मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन जिले की प्रगति को नई गति देगा।

जल संरक्षण में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम, देश में चौथे स्थान पर

मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिले की उपलब्धि की सराहना करते हुए नागरिकों, कलेक्टर और जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले का प्रदेश में प्रथम और देश में चौथा स्थान हासिल करना जनभागीदारी, जागरूकता और प्रशासन के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित 2,212 कार्यों पर 130 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, भूजल स्तर में सुधार लाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वर्षा चक्र और गिरते भूजल स्तर के बीच जल संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी बन गई है।

See also  स्कूल में बच्चों से कराया जा रहा काम, पढ़ाई की जगह सब्जी काटती दिखीं छात्राएं

किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने किसानों की समृद्धि के लिए धान खरीदी, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अधोसंरचना को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्रों को स्वीकृति देने तथा सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जनमन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, गरीब परिवारों और विशेष पिछड़ी जनजातियों तक लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। तेंदूपत्ता संग्रहण की पारिश्रमिक दर 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने का भी उल्लेख किया।

सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से शिकायतों के निराकरण तथा ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने अंजोर विजन 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के समान अवसर मिलें।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी किया संबोधित

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से ग्राम पंचायतों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

See also  सूरजपुर में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 8 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी,

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं महिलाओं, किसानों, गरीब परिवारों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक गोमती साय, भरत सिंह सिसोदिया, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदमणि पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share This Article