Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

सूरजपुर में बवाल: क्रेशर प्लांट, जेसीबी और ट्रैक्टर में आगजनी के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, चक्काजाम कर शासकीय कार्य में भी डाली थी बाधा

Priyanshu Ranjan

महिला की सड़क हादसे में मौत के बाद भड़का था आक्रोश, पुलिस और तहसीलदार की समझाइश के बावजूद प्रदर्शन जारी रखने का आरोप सूरजपुर।

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। चांदनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में ग्रामीणों पर क्रेशर प्लांट, मकान और वाहनों में आगजनी करने तथा चक्काजाम के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में छकउ साकेत, सुभगलाल साकेत, मनीष यादव, मुन्नीलाल यादव, मालिकचंद साकेत और कृष्ण यादव शामिल हैं।

- Advertisement -

सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में विजय कुमार साकेत के घर के पास ग्रामीण सड़क पर ट्रैक्टर से बोल्डर ले जाते समय एक महिला की स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग कुबेरपुर चौक के पास एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और तहसीलदार बिहारपुर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर चक्काजाम जारी रखा। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

क्रेशर प्लांट समेत कई वाहनों और मशीनों में आगजनी

ठाड़पाथर निवासी राजनारायण पाण्डेय ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह ग्राम खालबहरा स्थित महावीर पाठक के क्रेशर प्लांट में मुंशी के रूप में काम करते हैं और वहां की देखरेख एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभालते हैं। शिकायत के मुताबिक, हादसे के बाद कुछ लोगों ने क्रेशर प्लांट में आग लगाने की धमकी दी थी। आरोप है कि उसी रात डीजल-पेट्रोल लेकर पहुंचे लोगों ने क्रेशर प्लांट, मकान, एक जेसीबी मशीन, एक जनरेटर, एक मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर तथा कुर्सी-टेबल में आग लगा दी। इस मामले में थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

आगजनी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चांदनी पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में छकउ साकेत (46 वर्ष), निवासी नावाटोला; सुभगलाल साकेत (33 वर्ष), निवासी कुबेरपुर; मनीष यादव (19 वर्ष), निवासी कुबेरपुर; और मुन्नीलाल यादव (40 वर्ष), निवासी कुबेरपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

चक्काजाम और शासकीय कार्य में बाधा के मामले में दो और गिरफ्तार

इसी घटना से जुड़े दूसरे मामले में प्रभारी तहसीलदार बिहारपुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अन्य आरोपों के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने कुबेरपुर चौक पर मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस और कार्यपालिक दंडाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को बार-बार समझाइश दी, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने विरोध जारी रखा और शव पंचनामा की कार्रवाई तथा शव को ले जाने से रोकने की बात कही। इससे शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ। इस मामले में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने छकउ साकेत, सुभगलाल साकेत, मनीष यादव, मुन्नीलाल यादव, मालिकचंद साकेत (44 वर्ष) और कृष्ण यादव (29 वर्ष), सभी संबंधित क्षेत्र के निवासी, को गिरफ्तार किया।

See also  गाड़ी की किस्त के पैसों को लेकर खूनी विवाद, बेटी-दामाद पर पिता की हत्या का आरोप

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार, आगजनी और शासकीय कार्य में बाधा से जुड़े दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच और उनकी तलाश भी जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा तथा उनकी टीम सक्रिय रही।

Share This Article