अंबिकापुर ।
छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में गांधीनगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। तुर्रापानी निवासी रोहित सिंह की बाइक चोरी की शिकायत पर बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदेही सुशील शांडिल्य (26 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपने साथी अभिषेक सोनी (23 वर्ष) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पहचान मिटाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट हटाई गई दो स्प्लेंडर प्लस बाइकें (कीमत करीब ₹1 लाख) बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुशील आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कोतवाली और गांधीनगर थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।