करमा खेलने के दौरान विवाद के बाद देर रात कमरे में पहुंचे आरोपी, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम खैरबार स्थित गैरेज में काम करने वाले 27 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे।
मामले की सूचना मिलने पर रविवार सुबह कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
करमा खेलने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा (27 वर्ष) मूल रूप से कोरिया जिले के पटना क्षेत्र का निवासी था। वह पिछले करीब एक वर्ष से अंबिकापुर के थाना चौक के पास मायापुर निवासी रमेश सोनी के साथ गैरेज में काम कर रहा था।
कुछ समय पहले नगर निगम की टीम द्वारा अतिक्रमण के कारण गैरेज हटाए जाने के बाद रमेश सोनी ने ग्राम खैरबार में नया गैरेज शुरू किया था। विश्वजीत वहीं काम करने के साथ गैरेज के पास स्थित कमरे में रहता था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात विश्वजीत खैरबार निवासी आकाश उर्फ चिंटू, शनि और एक अन्य आकाश के साथ गांव में करमा खेलने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर चारों के बीच विवाद और मारपीट हो गई।
इसके बाद विश्वजीत और शनि वहां से लौटकर कमरे में आ गए।
देर रात कमरे में पहुंचे आरोपी
पुलिस के अनुसार, विवाद के कुछ समय बाद आकाश उर्फ चिंटू और आकाश कथित तौर पर कुल्हाड़ी लेकर विश्वजीत के कमरे में पहुंचे। उस समय शनि भी वहां मौजूद था।
आरोप है कि दोनों ने विश्वजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। शनि ने घटना की जानकारी गैरेज संचालक रमेश सोनी को दी, जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज करते हुए शनि के बयान के आधार पर आकाश उर्फ चिंटू और आकाश को हिरासत में लिया है।
दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद घटना के कारण तथा विवाद की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।