SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की सहभागिता, CEO राउंडटेबल में निवेशकों और उद्योगपतियों से होगी अहम चर्चा
रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री साय वैश्विक निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को प्रस्तुत करेंगे।
CEO राउंडटेबल में निवेश के अवसरों पर होगी चर्चा
SING फोरम 2026 के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगा छत्तीसगढ़ का निवेश विजन
मुख्यमंत्री की SING फोरम 2026 में सहभागिता के जरिए छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपनी औद्योगिक क्षमता, विकास की संभावनाओं और निवेश अवसरों को प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। CEO राउंडटेबल में होने वाली चर्चाओं से राज्य में संभावित निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए अवसरों को आगे बढ़ाने की दिशा में संवाद स्थापित होगा।
सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश ब्रांडिंग और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक संपर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।