किसानों के हित, पारदर्शिता एवं सहकारिता को मजबूत करने पर जोर
रायपुर, 29 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) की 25वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन न्यू सर्किट हाउस, रायपुर में संपन्न हुई, जिसमें संघ की वित्तीय उपलब्धियों, धान उपार्जन एवं निराकरण, खाद एवं उर्वरक वितरण, भंडारण, पशु आहार व्यवसाय तथा आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
आमसभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष श्री शशिकांत द्विवेदी ने की। इस अवसर पर संघ के प्रबंध संचालक श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला, अपर प्रबंध संचालक सुश्री भारती चंद्राकर, वित्तीय नियंत्रक मो. इमरान खान सहित संचालक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना एवं बजट पर चर्चा की गई। आगामी खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए धान उपार्जन का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है।
आमसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए व्यय बजट का अनुमान प्रस्तुत किया गया। बैठक में धान उपार्जन एवं निगरानी व्यवस्था में तकनीकी नवाचार तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के उपयोग सहित डिजिटल एवं पारदर्शी व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
अध्यक्ष श्री शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि सहकारिता के मूल मंत्र “सहकार से समृद्धि” को केंद्र में रखते हुए मार्कफेड किसानों एवं सहकारी संस्थाओं के हित में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य करने की बात कही।
प्रबंध संचालक श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला द्वारा संघ के प्रशासनिक एवं व्यावसायिक कार्यों से संबंधित जानकारी तथा वित्तीय नियंत्रक मो. इमरान खान द्वारा वित्तीय विषयों से संबंधित विवरण प्रस्तुत किया गया। अपर प्रबंध संचालक सुश्री भारती चंद्राकर सहित अधिकारियों ने आमसभा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपर प्रबंध संचालक सुश्री भारती चंद्राकर ने उपस्थित सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।