मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, युवाओं सहित नागरिकों ने किया रक्तदान
सूरजपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सूरजपुर जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में हुए शिविर में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय किया गया रक्तदान किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनसेवा और मानवता की भावना से जुड़ा अभियान बताते हुए नागरिकों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष स्वाती सिंह ने रक्तदान को महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए स्वस्थ नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष देव गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त समूह की जांच और रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की गई।
17 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में भी नागरिकों से सहभागिता की अपील की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, भाजपा महामंत्री शशिकांत गर्ग, रितेश गुप्ता, संदीप अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल, जनपद सभापति यशवंत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के समापन पर देव गुप्ता ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।