पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान,
अंबिकापुर। शनिवार शाम मैनपाट के रोपाखार स्थित घुनघुट्टा नदी की पुलिया पार करते समय बाइक समेत बहे केरल निवासी युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। युवक का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नदी में मिला। वहीं, उसके साथ रही युवती को स्थानीय युवक ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित बचा लिया था।
जानकारी के अनुसार केरल निवासी यदुकृष्णा (25) और गौरी नंदन (22) रायपुर में रहते थे। यदुकृष्णा नौकरी करता था, जबकि गौरी नंदन पढ़ाई कर रही थी। दोनों 29 अगस्त को दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अंबिकापुर से किराए पर बाइक ली और मैनपाट घूमने के लिए रवाना हुए।
दोनों शाम के समय कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोपाखार स्थित घुनघुट्टा नदी की पुलिया पर पानी ऊपर से बह रहा था। इसके बावजूद युवक ने बाइक से पुलिया पार करने का प्रयास किया। तेज पानी के बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक समेत नदी में बह गए।
दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया तो आसपास मौजूद स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान युवक तेज बहाव में बह गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया, जबकि युवती पानी में तैरते हुए बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी।
1 किलोमीटर तक रस्सी लेकर दौड़ा स्थानीय युवक, बचाई युवती की जान
युवती को तेज बहाव में संघर्ष करते देख स्थानीय युवक समशुद्दीन तत्काल अपने घर से रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने युवती को रस्सी फेंककर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन युवती रस्सी पकड़ नहीं पाई।
इसके बाद समशुद्दीन ने हिम्मत नहीं हारी और नदी के किनारे-किनारे करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा। इस दौरान उसने तीन-चार बार फिर रस्सी फेंकी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार पांचवीं बार युवती ने रस्सी पकड़ ली। समशुद्दीन ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तेज बहाव में बह गया यदुकृष्णा
इधर, यदुकृष्णा नदी के तेज बहाव में बह चुका था। घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
रविवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 9 बजे घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर नदी में शव पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों को घटना की जानकारी देने के साथ शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




