अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के दर्रीपारा में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में मणिपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल साहू, आयुष बरला, सुनील साहू और अनिल चटर्जी उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
बताया गया है कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी थी। मणिपुर थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया।
मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




