अंबिकापुर। नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ, अंबिकापुर द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधिपति का सम्मान करते हुए नवीन न्यायालय भवन के लिए आभार व्यक्त किया।
सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा को शाल, श्रीफल, मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का निर्माण न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
नवीन न्यायालय भवन के आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होने से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी और लोगों को अधिक व्यवस्थित एवं सुलभ न्यायिक वातावरण मिल सकेगा।
अधिवक्ता संघ ने कहा कि अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के लिए नवीन जिला एवं सत्र न्यायालय भवन महत्वपूर्ण उपलब्धि है। न्यायालय भवन के निर्माण से क्षेत्र की बढ़ती न्यायिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी तथा न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला। अधिवक्ता संघ ने मुख्य न्यायाधिपति के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए न्यायिक व्यवस्था के विकास में हरसंभव सहयोग की प्रतिबद्धता भी जताई।




