कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र की घटना, गंभीर घायल महिला जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड किया जब्त,
सूरजपुर। जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब साथ चलने से इंकार करने पर पति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे 108 एंबुलेंस की मदद से ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने 6 अगस्त 2026 को चौकी कुदरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी भांजी करीब एक माह से अपने सात वर्षीय पुत्र के साथ उनके घर पर रह रही थी। इसी दौरान गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उसका पति नकुल सिंह, निवासी ग्राम कर्री, उसके मामा के घर पहुंचा और पत्नी से अपने साथ घर चलने को कहा।
बताया गया कि पत्नी ने पति के साथ जाने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया। इस बात से आरोपी नाराज हो गया और पहले उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखे धारदार ब्लेड से पत्नी की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके गले से खून निकलने लगा।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया।
धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी कुदरगढ़ पुलिस ने आरोपी नकुल सिंह आयाम (36 वर्ष), निवासी ग्राम कर्री पटेलपारा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश के बाद चौकी कुदरगढ़ पुलिस ने एफएसएल क्राइम यूनिट की विशेषज्ञ डॉ. रसलीन कौर की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार ब्लेड को भी जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश देकर नकुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी को लेने उसके मामा के घर गया था। पत्नी द्वारा उसके साथ जाने से इंकार करने पर वह गुस्से में आ गया और जान से मारने की धमकी देते हुए ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन पुलिस अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक क्रांति सिंह तथा आरक्षक अमरेंद्र दुबे, मिलन सिंह, आलम साय, नरसिंह यादव एवं अनार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।