मुख्यमंत्री की प्रोत्साहन घोषणाओं को बताया खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की सराहना,
सूरजपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 की महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
देव गुप्ता ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतना ज्ञानेश्वरी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और संघर्षशीलता का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने साबित कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद देने की घोषणा को प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सकारात्मक पहल कर रही है, जिसका परिणाम है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा और आत्मविश्वास देगी।
देव गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मातृशक्ति को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेलों में महिलाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।