Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने रामानुजनगर में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए दी 2 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति,

Priyanshu Ranjan

सूरजपुर । प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के रामानुजनगर की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने रामानुजनगर में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भविष्य में बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

- Advertisement -

लंबे समय से रामानुजनगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग उठ रही थी। क्षेत्र के लोगों को उपचार, जांच और अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए कई बार दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। ऐसे में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

- Advertisement -

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया अस्पताल भवन-

स्वीकृत राशि से बनने वाला नया अस्पताल भवन आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। भवन में मरीजों के लिए बेहतर उपचार व्यवस्था, आवश्यक जांच सुविधाएं, पर्याप्त वार्ड, चिकित्सा कक्ष तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि ग्रामीणों को समय पर उपचार भी उपलब्ध हो सकेगा।

हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ-

नए भवन के निर्माण के बाद रामानुजनगर के साथ- साथ आसपास की अनेक ग्राम पंचायतों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिक एवं सामुदायिक स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे बड़े अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

See also  मोदी बोले-हिमाचल,तेलंगाना, कर्नाटक कांग्रेस के शाही परिवार के ATM

लगातार प्रयासों का मिला परिणाम-

बताया गया है कि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए। उनके प्रस्ताव और पहल के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत इस परियोजना को मंजूरी दी गई।

क्षेत्र में खुशी का माहौल-

अस्पताल भवन की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राज्य शासन एवं विधायक के प्रयासों की सराहना की है।

विधायक बोले…जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना हमारी प्राथमिकता-

विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण से रामानुजनगर क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Share This Article