AAJ24

[state_mirror_header]

आपकी रगों में बहता रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है, विश्व रक्तदान दिवस पर विशेष: जीवन का उपहार: रक्तदान

Priyanshu Ranjan

धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क

- Advertisement -

“रक्तदान महादान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो वह केवल खून की कुछ बूंदें नहीं देता, बल्कि किसी को जीवन, उम्मीद और अपने परिवार के साथ रहने का एक और अवसर प्रदान करता है। हर वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस मनाया जाता है, जो स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति सम्मान और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का अवसर है।

- Advertisement -

दुनिया में अन्नदान, वस्त्रदान, धनदान और विद्यादान जैसे अनेक दान किए जाते हैं, लेकिन रक्तदान को महादान कहा जाता है क्योंकि यह सीधे किसी व्यक्ति को जीवनदान देता है। दुर्घटनाओं, बड़ी सर्जरी, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव तथा थैलेसीमिया, कैंसर और हीमोफिलिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त ही जीवन का आधार बनता है।

आज विज्ञान ने अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है, लेकिन अभी तक प्रयोगशाला में ऐसा कृत्रिम रक्त विकसित नहीं किया जा सका है जो मानव रक्त का पूर्ण विकल्प बन सके। यही कारण है कि एक व्यक्ति का रक्त दूसरे व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित होता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। ब्लड बैंक में रक्त को तीन प्रमुख घटकों—लाल रक्त कणिकाएं (आरबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स—में अलग किया जाता है। आरबीसी एनीमिया और अत्यधिक रक्तस्राव के मामलों में, प्लाज्मा गंभीर जलन और लीवर संबंधी बीमारियों में तथा प्लेटलेट्स डेंगू, कैंसर और कीमोथेरेपी से गुजर रहे मरीजों के उपचार में उपयोगी होते हैं।

See also  विश्व स्वास्थ कवरेज दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सूरजपुर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ योजनाओं एवं निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी

रक्तदान केवल जरूरतमंदों के लिए ही नहीं, बल्कि दान करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। इससे शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है, जिससे हृदय संबंधी जोखिम कम हो सकते हैं। रक्तदान के बाद शरीर नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण करता है, जिससे ताजगी और स्फूर्ति का अनुभव होता है। इसके साथ ही रक्तदान से पहले हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन और अन्य स्वास्थ्य मानकों की जांच भी की जाती है।

सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, बड़ी सर्जरी और प्रसव जैसी परिस्थितियों में हर दिन हजारों यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज की एक बड़ी जरूरत बन जाता है।

रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता का उत्सव है। जब किसी अनजान व्यक्ति का रक्त किसी जरूरतमंद की नसों में पहुंचकर उसे नया जीवन देता है, तब जाति, धर्म और वर्ग की सभी सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। इस विश्व रक्तदान दिवस पर आइए संकल्प लें कि स्वयं भी रक्तदान करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। क्योंकि आपका थोड़ा सा रक्त किसी के लिए पूरा जीवन बन सकता है।

Share This Article