सूरजपुर । जिले के लिए गौरव का विषय है कि राजधानी नई दिल्ली में 16 से 22 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली 69 वीं राष्ट्रीय शाला क्रीड़ा प्रतियोगिता (बेसबॉल) में सूरजपुर की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन हुआ है, यह प्रतियोगिता 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी।
सूरजपुर की इन होनहार बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए गर्व की बात है। अब पूरे जिले की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं, जहां वे अपने खेल कौशल से प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 वीं कक्षा की छात्रा कुमारी अंकिता (पिता श्री धनसाय) का चयन 17 वर्ष आयु वर्ग में हुआ है, 8 वीं कक्षा की छात्रा कुमारी अंजली (पिता श्री धनसाय) का चयन 14 वर्ष आयु वर्ग में हुआ है। दोनों छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिले के लिए गौरव का क्षण-
इन बेटियों की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे जिले का मान और गौरव बढ़ा है। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।
कलेक्टर से मुलाकात-
इस अवसर पर दोनों छात्राओं ने कलेक्टर एस. जयवर्धन से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
