नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों की पहली बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात और लंबित मामलों की समीक्षा की
सूरजपुर। वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी योगेश कुमार पटेल ने 17 जुलाई 2026 को सूरजपुर जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, लंबित एवं अनसुलझे मामलों, शिकायतों के निराकरण तथा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सड़क हादसों पर रोक को दी प्राथमिकता
एसपी योगेश कुमार पटेल ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर सख्ती से कार्रवाई करने, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर खराब पड़े भारी वाहनों को तत्काल हटाने तथा ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
अवैध कारोबार और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में अवैध कारोबार, नशे के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। साथ ही पीड़ितों और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश
एसपी ने पुराने और अनसुलझे मामलों की गंभीरता से विवेचना कर उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।