भरत शर्मा की रिपोर्ट
सैलाना नगर परिषद सैलाना के वार्ड क्रमांक 8 में इन दिनों भीषण जल संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि रहवासियों को पीने के लिए पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद श्रीमती चंदा पारगी, वार्ड क्रमांक 2 पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत एवं वार्डवासियों ने नगर परिषद के कर्मचारियों का घेराव कर कड़ी नाराजगी जताई।
मौके पर जल प्रभारी धन्नालाल परमार, दीपक गोयल, बाबू पटवाने और मांगीलाल कटारा सहित अन्य कर्मचारियों को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा वार्डवासियों का कहना है कि नलों में पानी तो आ रहा है, लेकिन उसकी मात्रा इतनी कम है कि दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कई घरों में तो पीने के पानी तक का संकट खड़ा हो गया है।
वार्ड पार्षद श्रीमती चंदा पारगी ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब स्थिति और भी विकट हो गई है। उन्होंने पार्षद प्रशांत मांडोत के साथ मिलकर नगर परिषद के सीएमओ मनोज शर्मा को फोन कर स्थिति से अवगत कराया।
सीएमओ मनोज शर्मा ने आश्वासन दिया है कि आगामी तीन दिनों के भीतर जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही, तत्काल राहत के तौर पर वार्ड में पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है।
फिलहाल वार्डवासी जल्द समाधान की उम्मीद में हैं, लेकिन यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो नगर परिषद के बाहर महिलाओं के साथ बड़ा आंदोलन खड़ा होने की चेतावनी भी दी जा रही है।
