सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोपी पति ने अपने परिचित की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और बाद में पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में ही गड्ढे में दफना दिया।
बताया जा रहा है कि भगवानपुर खुर्द निवासी मृतक बृजलाल अगरिया और आरोपी मिथलेश कुजूर के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी और मृतक के बीच संबंध होने का शक था, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक रूप ले लिया।
घटना वाली रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मिथलेश ने गुस्से में आकर लाठी से बृजलाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर सबूत छिपाने की साजिश रची। दोनों ने शव को घर में बने सुअर पालन के गड्ढे में डालकर ऊपर से मिट्टी भर दी, ताकि किसी को भनक न लगे।
मामला तब खुला जब मृतक के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान घर से शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान परिजनों ने की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा, फावड़ा, खून से सने कपड़े और टूटा मोबाइल भी जब्त किया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
