सुरजपुर । जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी स्वयं विद्यालयों में पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं, इस क्रम में कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और डीएफओ ने अलग-अलग विद्यालयों का दौरा कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और संचालन का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया।
केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है। सूरजपुर जिले में कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर और डीएफओ डी. पी. साहू को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सूरजपुर विकासखंड के पीएम श्री विद्यालय जयनगर का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में निर्धारित 24 बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमियों को चिन्हित करते हुए प्राचार्य को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने पीएम श्री प्राथमिक शाला राजापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रों की उपस्थिति और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।
वहीं डीएफओ डी. पी. साहू ने ओड़गी विकासखंड के पीएम श्री सेजस ओडगी विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुझाव दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों का स्वयं विद्यालयों में पहुंचकर निरीक्षण करना इस बात का संकेत है कि प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर गंभीर है और इसे प्राथमिकता के रूप में देख रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया बल्कि यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि पीएम श्री योजना के तहत निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
इस दौरान डीएमसी समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह, खंड स्रोत समन्वयक मनोज मंडल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे और निरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग किया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित 50 वीं बैठक में पीएम श्री विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के लिए संयुक्त सचिव स्तर और उससे वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे। उसी के अनुपालन में यह निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।
पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और आधुनिक खेल सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इन विद्यालयों को आसपास के अन्य स्कूलों के लिए मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रशासन का यह निरीक्षण अभियान न केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा तक सीमित है, बल्कि इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार लाना और छात्रों को बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
