AAJ24

[state_mirror_header]

लटोरी के सुंदरगंज में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, कई शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त

Priyanshu Ranjan

सूरजपुर। जिले के लटोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज के बथान पारा में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया। घटना में कई शासकीय वाहनों के शीशे टूट गए और एक जेसीबी मशीन को भी नुकसान पहुंचा। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों के बाद राजस्व विभाग ने नोटिस जारी कर कार्रवाई तय की थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। जैसे ही बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, विरोध कर रहे लोग एकजुट हो गए और देखते ही देखते स्थिति उग्र हो गई।

- Advertisement -

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने प्रशासनिक टीम को घेरकर पथराव शुरू कर दिया। कई वाहनों के शीशे टूट गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाना पड़ा और कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी।

- Advertisement -

घटना के दौरान अतिक्रमण हटाने के समर्थन और विरोध में खड़े ग्रामीणों के बीच भी झड़प की सूचना है। कुछ लोगों के मामूली रूप से घायल होने की खबर है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि शेष है।

घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाना वैधानिक प्रक्रिया है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

See also  गरीब परिवार के आवास का सपना चूर-चूर : प्रशासन ने अधूरे मकान पर चलाया बुलडोजर
Share This Article