Skip to main content

AAJ24

[state_mirror_header]

विकास कार्यों में देरी पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव नाराज, मिशन मोड में काम पूरा करने के निर्देश

Priyanshu Ranjan

रायपुर, 20 अगस्त 2026।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

- Advertisement -

नगरीय निकायों में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान श्री साव ने स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा। कार्य प्रारंभ करने में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

- Advertisement -

उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने तथा जल आवर्धन योजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण को प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट कराने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने को कहा।

See also  CG NEWS : मुख्यमंत्री साय का एलान, पत्रकार मुकेश चंद्राकर के परिवार को मिलेगी 10 लाख रुपए की सहायता

पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने को कहा। साथ ही टेंडर हो चुके कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की योजनाओं के रखरखाव पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्धता को शासन की प्राथमिकता बताया।

पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने को कहा। उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

See also  ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, ओवरटेक के चक्कर में मौके पर हुई दो सगे भाइयों की मौत

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ काम करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं और कार्यों के निराकरण की उम्मीद लेकर कार्यालय पहुंचते हैं, इसलिए उनके प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैया अपनाया जाए।

बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article