AAJ24

[state_mirror_header]

लखनपुर के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अमलभिठ्ठी के प्रबंधक के ऊपर शराब के नशे में किसानों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप, ग्रामीणों ने सरगुजा कलेक्टर से की शिकायत,,,

Priyanshu Ranjan

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, अमलभिठ्ठी के प्रबंधक नवल साय के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश गहराता जा रहा है।

ग्राम पंचायत तुरना के निवासियों ने सोमवार को कलेक्टर से लिखित शिकायत कर प्रबंधक पर शराब के नशे में किसानों से अभद्र व्यवहार करने और हमाली के नाम पर फर्जी लेबर भुगतान के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रबंधक का व्यवहार न केवल अमर्यादित है, बल्कि वह सरकारी धन का भी दुरुपयोग कर रहा है।

- Advertisement -

हैरानी की बात यह है कि यह मामला नया नहीं है। इससे पहले भी ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को प्रबंधक की कार्यप्रणाली और शराब पीकर किसानों को प्रताड़ित करने की सूचना दी थी, जिसे मीडिया ने भी प्रमुखता से उठाया था।

- Advertisement -

 

बावजूद इसके, महीनों बीत जाने के बाद भी शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई न होने से प्रबंधक के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह खुलेआम प्रशासन को अपनी ‘कठपुतली’ बताता है और किसानों को चुनौती देता है कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने जांच अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि पिछली जांचों को आपसी मिलीभगत और ‘लेन-देन’ के जरिए रफा-दफा कर दिया गया।

गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व उक्त प्रबंधक का शराब और मुर्गा पार्टी करते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसने सहकारी समिति की साख पर सवाल खड़े कर दिए थे। अब न्याय की उम्मीद में ग्रामीणों ने सीधे जिला कलेक्टर का दरवाजा खटखटाया है। क्षेत्र के किसानों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्रबंधक के खिलाफ अविलंब दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि समिति का कामकाज सुचारू रूप से चल सके।

See also  तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर घुसी ग्रामीण के घर, एक की मौत
Share This Article